Ranchi Crime News: रांची में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सदर डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से 85.71 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है.
गुप्त सुचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर मिली. सूचना के सत्यापन के बाद छापामारी टीम ने तिरिल थाना क्षेत्र के शांतिनगर रोड नंबर 10 स्थित बाबला राम के घर पर दबिश दी. छापे के दौरान अम्बर कुमार राम उर्फ तपन, बाबला राम, मुन्नी देवी और दिव्या कुमारी को मौके से पकड़ा गया. तलाशी के क्रम में अन्य सामानों के साथ ब्राउन शुगर बरामद की गई.
पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना है अम्बर कुमार राम
पूछताछ के दौरान मुख्य अभियुक्त अम्बर कुमार राम की निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों पियुष कुमार, समीर तिर्की और अमन कुमार को भी गिरफ्तार किया. ये सभी आरोपी सदर थाना क्षेत्र के कोकर बाजार और शांतिनगर इलाके में रहने वाले या वहां किराए पर रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस के अनुसार अम्बर कुमार राम इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना है. उसके खिलाफ रांची जिले के सदर थाना में पहले से 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य थानों में भी तीन मामले दर्ज हैं. इस तरह उसके खिलाफ कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.
इस पूरे मामले का खुलासा रांची पुलिस की ओर से बुधवार शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई जारी
रांची पुलिस की यह कार्रवाई दिखाती है कि नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई की जा रही है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी से यह साफ है कि पुलिस पूरे गिरोह को तोड़ने की दिशा में काम कर रही है. लगातार आपराधिक मामलों में शामिल मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नशे के अवैध कारोबार के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है.