Jamshedpur: जिला निर्वाचन पदाधिकारी उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में मतदाता सूची की मैपिंग प्रक्रिया को सुचारू एवं प्रभावी बनाने हेतु सभी संबंधित अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कहा कि जिले के अंतर्गत स्थित छह विधानसभा क्षेत्रों के शहरी इलाकों में मतदाता सूची की मैपिंग में सुधार के लिए बेहतर आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बीएलओ सुपरवाइजर, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तथा प्री-एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्यों से जुड़े सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि आगामी एक सप्ताह तक पूरी एकाग्रता एवं फोकस के साथ कार्य करें। विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में क्षेत्रीय पदाधिकारियों को बेहतर रणनीति के साथ फील्ड विजिट करने एवं आंकड़ों को अद्यतन करने पर जोर दिया गया।
कम मैपिंग वाले क्षेत्रों में पब्लिक आउटरीच कार्यक्रमों के माध्यम से सीधे मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर मैपिंग कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही बीएलओ एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारियों को प्रोत्साहित करने तथा कार्यों की नियमित समीक्षा करने पर भी बल दिया गया। इसके अतिरिक्त अनुपस्थित मतदाताओं की पहचान करने एवं ब्लैक एंड व्हाइट या अस्पष्ट फोटोग्राफ वाले मतदाताओं के फोटो अपडेट करने हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के सुदृढ़ीकरण हेतु अधिक से अधिक मैपिंग करना आवश्यक है, ताकि गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण को सरल एवं प्रभावी बनाने के लिए सटीक मैपिंग ही एकमात्र विकल्प है। विशेषकर शहरी क्षेत्रों में यह सुनिश्चित करने हेतु विशेष रणनीति बनानी होगी कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा सभी की पहचान पूरी तरह सत्यापित हो।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने पूर्वी सिंहभूम जिले के 47-जुगसलाई (अ.जा.), 48-जमशेदपुर पूर्व एवं 49-जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के सभी निर्वाचकों से अपील की कि वे वर्तमान निर्वाचक नामावली में अपना नाम SIR 2003 में सर्च कर अपने संबंधित बूथ के बीएलओ को दूरभाष के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराएं। बीएलओ की सूची https://voters.eci.gov.in पर Book a Call with BLO विकल्प के अंतर्गत उपलब्ध है।
झारखंड राज्य के लिए https://ceo.jharkhand.gov.in पर भी जानकारी सर्च की जा सकती है।
यदि 2003 SIR में नाम झारखंड राज्य के बाहर दर्ज है, तो https://voters.eci.gov.in पर सर्च कर संबंधित विवरण प्राप्त किया जा सकता है। सर्च करने में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर टोल फ्री नंबर 1950 / 7992311534 / 7004922797 पर कॉल कर सहयोग लिया जा सकता है।
सभी निर्वाचकों से अनुरोध है कि दिनांक 04.01.2026 तक 2003 SIR से संबंधित विवरण उपलब्ध कराएं एवं स्वच्छ, सटीक एवं त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिले के जिला निर्वाचन पदाधिकारी उपायुक्त, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी ऑफलाइन एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित थे।