Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-02

Jharkhand News: दो बार समन के बावजूद ACB के सामने पेश नहीं हुआ शराब घोटाले के आरोपी विनय सिंह का बेटा

Jharkhand News: झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले और आय से अधिक संपत्ति मामले में मुख्य आरोपी विनय सिंह की परेशानी लगातार गहराती जा रही है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की पूछताछ के दौरान आरोपी का रुख जांच एजेंसी के लिए और सख्त होता दिख रहा है. अधिकारियों की माने तो विनय सिंह पूछताछ में सहयोग करने के बजाय सवालों से बचने की कोशिश कर रहे हैं.

करोड़ों रुपये के लेनदेन को लेकर पूछे गए सवालों पर विनय सिंह नहीं दे रहे जवाब
एसीबी के अनुसार पूछताछ के दौरान जब आरोपी के सामने संदिग्ध बैंक लेनदेन और कथित बेनामी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज रखे गए तो उन्होंने साफ जवाब देने से परहेज किया. करोड़ों रुपये के लेनदेन को लेकर पूछे गए सवालों पर विनय सिंह बार-बार यही कहते रहे कि उन्हें बैंक खातों और ट्रांजेक्शन की कोई जानकारी याद नहीं है. जांच अधिकारियों का मानना है कि यह रुख जानबूझकर अपनाया गया है.

पूछताछ में निवेश के स्रोतों को लेकर दबाव बढ़ने पर आरोपी ने अपनी जिम्मेदारी से किनारा करते हुए पूरा मामला अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट और वकील पर डाल दिया. विनय सिंह का कहना रहा कि वह अपने सलाहकारों से बात किए बिना कोई जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं. एसीबी इसे जांच को प्रभावित करने और समय खींचने की रणनीति के तौर पर देख रही है.

एसीबी अब तक विनय सिंह के बेटे को दो बार समन भेज चुकी है
इस मामले की आंच अब आरोपी के परिवार तक पहुंचती नजर आ रही है. जांच एजेंसी को आशंका है कि शराब घोटाले से अर्जित रकम का बड़ा हिस्सा विनय सिंह के बेटे के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश किया गया है. इसी कड़ी में एसीबी अब तक आरोपी के बेटे को दो बार समन भेज चुकी है लेकिन वह पूछताछ के लिए पेश नहीं हुआ है.

सूत्रों के मुताबिक यदि अगली बार भी वह जांच से दूर रहता है तो एसीबी अदालत से गैर जमानती वारंट जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है. वहीं विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह की तलाश भी एसीबी द्वारा की जा रही है और उनकी भूमिका को लेकर अलग स्तर पर जांच जारी है.

आने वाले दिनों में कानूनी कार्रवाई और तेज होने संभावना
शराब घोटाले की जांच अब केवल मुख्य आरोपी तक सीमित नहीं रह गई है बल्कि परिवार के सदस्यों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ रही है. पूछताछ में असहयोग और समन के बावजूद पेश न होना एजेंसी की सख्ती को और बढ़ा सकता है. आने वाले दिनों में इस मामले में कानूनी कार्रवाई और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !