Jharkhand News: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने झारखंड कक्षपाल प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को लेकर आवश्यक सूचना संख्या-02 जारी कर दी है. आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कक्षपाल पुरुष और कक्षपाल महिला पदों पर खेलकूद कोटा के तहत आरक्षण का प्रावधान किया गया है.
ये अभ्यर्थी होंगे पात्र
आयोग ने स्पष्ट किया है कि खेलकूद कोटा में वही अभ्यर्थी पात्र होंगे जिन्होंने भारतीय ओलंपिक संघ या उससे संबद्ध फेडरेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में द्वितीय या तृतीय स्थान प्राप्त किया हो. इसके अलावा झारखंड ओलंपिक संघ या उससे संबद्ध संघ द्वारा आयोजित अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी भी इस कोटा के अंतर्गत शामिल होंगे. राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित करने वाले खिलाड़ियों को भी पात्रता सूची में रखा गया है.
09 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन
आयोग ने ऑनलाइन आवेदन की तिथियों की भी घोषणा कर दी है. अभ्यर्थी 09 जनवरी 2026 से 08 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण और सूचना भर सकेंगे. परीक्षा शुल्क का भुगतान फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के बाद आवेदन पत्र का प्रिंटआउट 10 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि तक लिया जा सकेगा. वहीं आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए 11 फरवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि तक का समय निर्धारित किया गया है.
आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे आवेदन से पहले आधिकारिक अधिसूचना को ध्यान से पढ़ें और तय समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करें.
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए एक अहम अवसर
कक्षपाल प्रतियोगिता परीक्षा में खेलकूद कोटा का प्रावधान राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए एक अहम अवसर है. इससे खेल के क्षेत्र में उपलब्धियों को सरकारी सेवा से जोड़ने का रास्ता खुलता है. साथ ही तय समयसीमा और सुधार अवधि की स्पष्ट घोषणा से अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया में सुविधा मिलने की उम्मीद है.