Jharkhand News: झारखंड सरकार ने नक्सली हिंसा में मारे गए लोगों के आश्रितों को राहत देने का फैसला लिया है. गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया गया है. आदेश के अनुसार राज्य के चार जिलों में नक्सली हिंसा के शिकार लोगों के परिजनों को सहायता राशि दी जाएगी.
- जारी आदेश के मुताबिक चतरा, हजारीबाग, लातेहार और चाईबासा जिले में नक्सल हिंसा में जान गंवाने वाले चार लोगों के आश्रितों को एक एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी. यह राशि संबंधित जिलों के माध्यम से आश्रितों को उपलब्ध कराई जाएगी.
- चतरा जिले में 17 अप्रैल 2020 को नक्सल हिंसा में मारे गए पिपरवार निवासी अक्षय कुमार की पत्नी चंचला देवी को एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. लातेहार जिले में 19 जुलाई 2023 को नक्सल हिंसा में मारे गए नेतरहाट निवासी देवकुमार प्रजापति की पत्नी कालेश्वरी देवी को भी एक लाख रुपये की सहायता मिलेगी.
- इसी तरह हजारीबाग जिले में 14 सितंबर 2018 को नक्सल हिंसा में मारे गए कटकमसांडी निवासी कैलाश राणा की पत्नी पुष्पा देवी को एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. चाईबासा जिले में एक फरवरी 2024 को नक्सल हिंसा में मारे गए जटेया निवासी चिरु सिरका की पत्नी कुंती को भी एक लाख रुपये की सहायता राशि देने का आदेश जारी किया गया है.
सहायता राशि आर्थिक संबल देने की दिशा में कदम
नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों के लिए यह सहायता राशि आर्थिक संबल देने की दिशा में एक कदम है. लंबे समय से न्याय और सहायता की प्रतीक्षा कर रहे आश्रितों के लिए यह फैसला राहत लेकर आया है. हालांकि ऐसे मामलों में केवल आर्थिक मदद ही नहीं बल्कि स्थायी पुनर्वास और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी उतना ही जरूरी है.