Seraikela News: झारखंड की प्रशासनिक व्यवस्था में हुए हालिया बदलाव के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 2022 बैच के युवा अधिकारी अभिनव प्रकाश ने सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है. यह उनकी पहली स्वतंत्र पदस्थापना है. पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने अनुमंडल कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ औपचारिक बैठक की और क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
लगभग 10 महीनों से रिक्त था पद
गौरतलब है कि सरायकेला एसडीओ का पद पिछले लगभग दस महीनों से रिक्त था, जिससे कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे. इस दौरान भूमि सुधार उपसमाहर्ता निवेदिता नियति अतिरिक्त प्रभार के रूप में इस जिम्मेदारी को निभा रही थीं. अब अभिनव प्रकाश की नियुक्ति से क्षेत्र में विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में नई गति आने की उम्मीद है.
मूल रूप से झारखंड के चतरा जिले के रहने वाले हैं अभिनव प्रकाश
मूल रूप से झारखंड के चतरा जिले के रहने वाले अभिनव प्रकाश ने इससे पहले चतरा में ही प्रशिक्षु अधिकारी के रूप में कार्य किया है. वहां उन्होंने कानून-व्यवस्था, राजस्व और जन कल्याणकारी योजनाओं का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया. कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि उनकी प्राथमिकता जनसमस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगी. एक युवा आईएएस अधिकारी के आने से स्थानीय जनता में भी बेहतर प्रशासन को लेकर काफी सकारात्मकता देखी जा रही है.