Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-03

Red Cross Society: रेड क्रॉस का 800वां नेत्र ज्योति यज्ञ शुरू, मानवसेवा की मिसाल बना पूर्वी सिंहभूम

Jamshedpur: भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम मानवता की सेवा में प्रतिदिन समर्पित भाव से कार्य कर रही है। इसके सेवा कार्यों की जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है। आज जिस प्रकार बड़ी संख्या में नेत्र रोगी आशा और विश्वास के साथ आंखों के ऑपरेशन के लिए यहां पहुंचे हैं, वह रेड क्रॉस की दशकों की निष्ठापूर्ण मेहनत का प्रतिफल है। यह बातें सांसद विद्युत वरण महतो ने रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा पेट्रन स्व. के. के. सिंह की स्मृति में आयोजित 800वें नेत्र ज्योति यज्ञ के उद्घाटन अवसर पर कही।
सांसद ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाईटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह और उनकी पूरी टीम की लगन व समर्पण के कारण संस्था को राष्ट्रीय पहचान मिली है। स्व. के. के. सिंह ने जीवनपर्यंत जिस प्रकार लोगों के दुख-दर्द में हाथ बंटाया, आज उनके परिवारजन भी उसी सेवा भाव को आगे बढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान महान समाजसेवी डॉ. राम मनोहर लोहिया की विचारधारा की याद दिलाता है। जिन वंचित और जरूरतमंद वर्गों के अधिकारों के लिए लोहिया संघर्षरत रहे, उन्हीं लोगों की सेवा यहां की जा रही है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस और राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान जैसी संस्थाओं के पीछे मानवसेवा की सशक्त विचारधारा काम कर रही है, जिसके अगुवा विजय कुमार सिंह और उनकी समर्पित टीम है।

अपने पहले सार्वजनिक कार्यक्रम में नवनियुक्त अनुमंडल पदाधिकारी सह रेड क्रॉस उपाध्यक्ष अर्णव मिश्रा ने कहा कि रेड क्रॉस का इतिहास निरंतर और समर्पित प्रयासों का साक्षी है, जिसके परिणामस्वरूप संस्था 800 नेत्र शिविरों की उपलब्धि तक पहुंची है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नेत्र ज्योति यज्ञ ही नहीं, बल्कि रक्तदान और अन्य मानवसेवी गतिविधियों में भी प्रशासन का पूर्ण सहयोग रेड क्रॉस को मिलेगा।

रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि नियमित नेत्र शिविर, रक्तदान, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा और मानवसेवी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के कारण रेड क्रॉस आज मानवसेवा की एक सशक्त पहचान बन चुका है। उन्होंने सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं और संस्थाओं के प्रति आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम में राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल ने स्वागत भाषण दिया। रेड क्रॉस रक्तदान समिति के अध्यक्ष अरुण बाकरेवाल ने नेत्र शिविर के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। नेत्र ज्योति महायज्ञ-2026 की संयोजक संस्था के. के. एजुकेशन फाउंडेशन ट्रस्ट की ट्रस्टी एवं पेट्रन स्व. के. के. सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती उर्मिला सिंह ने नेत्र रोगियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष विकास सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन में कहा कि इतने विशाल नेत्र शिविर का आयोजन सामूहिक सोच और सहयोग का परिणाम है। मरीजों की सेवा में लगे कार्यकर्ता हों या निस्वार्थ भाव से ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक—सभी इसे सेवा धाम बना देते हैं। मंच संचालन समाजसेवी सत्यनारायण अग्रवाल ने किया।

इसी अवसर पर नेत्र ऑपरेशन के लिए एक नए ऑपरेशन थियेटर का उद्घाटन भी किया गया। इसका उद्घाटन निर्माण सहयोगी मटुकधारी लाल कृष्ण मुरारी चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी कृष्ण मुरारी गुप्ता, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय, अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा तथा रेड क्रॉस के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

कार्यक्रम में वरीय समाजसेवी ए. के. श्रीवास्तव, समाजविज्ञानी रबीन्द्रनाथ चौबे, चन्द्रमोहन सिंह, के. के. एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट की ट्रस्टी श्रीमती रश्मि सिंह, श्रीमती उषा सिंह, रेड क्रॉस के कोषाध्यक्ष आशुतोष पारीक, राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान के निदेशक विशाल सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी एवं रेड क्रॉस के सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।

उद्घाटन कार्यक्रम के दूसरे चरण में 746 नेत्र रोगियों की आंखों की जांच नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. विनायक कुमार एवं उनकी टीम द्वारा की गई, जिसमें 318 मरीज मोतियाबिंद से ग्रस्त पाए गए। इन मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण के बाद रविवार को ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा। रविवार को नए नेत्र रोगियों की भी जांच कर ऑपरेशन योग्य मरीजों का चयन किया जाएगा।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !