Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-04

Hazaribagh News: हजारीबाग महिला थाना में युवती ने कथित तौर पर खाया जहर, अस्पताल में भर्ती, जानें वजह

Hazaribagh: हजारीबाग महिला थाना परिसर में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवती ने थाना प्रभारी से मुलाकात करने से पहले ही कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। यह घटना करीब दोपहर तीन बजे की बताई जा रही है। युवती की हालत अचानक बिगड़ते देख थाना में मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए उसे तुरंत शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

फिलहाल युवती की स्थिति स्थिर

युवती को अस्पताल ले जाते समय महिला थाना के सभी कर्मी सक्रिय नजर आए। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल युवती की स्थिति स्थिर है और उसे निगरानी में रखा गया है। डॉक्टर लगातार उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

अस्पताल में प्रारंभिक पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि युवती बड़कागांव थाना क्षेत्र के हरलि गांव की निवासी है। उसने बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर ली है और वर्तमान में रांची स्थित रिम्स (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान) में रहकर एमएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।

परिजनों से बातचीत करने पर पता चला पूरा मामला 

परिजनों से बातचीत में मामले से जुड़े गंभीर आरोप सामने आए हैं। परिजनों का कहना है कि युवती का एक युवक के साथ लंबे समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रही। इस दौरान आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण किया। बाद में जब शादी की बात आई तो उसने युवती को छोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि इस मामले को लेकर न्यायालय में केस दर्ज है और मामला फिलहाल विचाराधीन है।

परिवार का यह भी कहना है कि कानूनी प्रक्रिया और निजी जीवन में मिले धोखे के कारण युवती पिछले कुछ समय से गहरे मानसिक तनाव में थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया।

युवती की स्थिति पर नजर जारी 

घटना के बाद महिला थाना की पुलिस कर्मियों से लेकर थाना प्रभारी तक शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौजूद रहे और युवती की स्थिति पर नजर बनाए रखी। पुलिस प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से ले रहा है। युवती के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की जांच जारी

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से पहले युवती किन परिस्थितियों से गुजर रही थी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !