Chaibasa News: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीदारु जंगल के समीप खेत में 30 दिसंबर 2025 को बरामद अज्ञात युवती के अर्द्धनग्न शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी प्रधान पुरती उर्फ पल्टू (उम्र करीब 20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है.
अज्ञात के विरुद्ध दर्ज की गई थी प्राथमिकी
उल्लेखनीय है कि उक्त मामले में खेत मालिक जय किशन होनहागा के लिखित आवेदन पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 210/2025 दिनांक 31.12.2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी. शव की पहचान के लिए C.I.G. प्रकाशन एवं स्थानीय दैनिक समाचार पत्रों में सूचना प्रसारित की गई थी.
तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी प्रधान पुरती गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. गठित टीम ने तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी प्रधान पुरती उर्फ पल्टू, निवासी जोगीदारु टोला-तोडॉन, थाना-मुफ्फसिल, को 4 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया.
घटना से पूर्व आरोपी ने युवती के साथ बनाया था शारीरिक संबंध
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना से पूर्व उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए, इसके बाद गला दबाकर एवं पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका का मोबाइल फोन, उसकी लाल रंग की स्कूटी (पंजीयन संख्या JH06L-7980), आरोपी का मोबाइल फोन तथा हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर बरामद किया है.