Jharkhand: झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के जनसंचार विभाग के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है, जब विभाग से जुड़े दो विद्यार्थियों का चयन भारत सरकार के प्रतिष्ठित सार्वजनिक उपक्रम राष्ट्रीय जलविद्युत निगम लिमिटेड (एनएचपीसी) में ट्रेनी ऑफिसर (पब्लिक रिलेशंस) के पद पर हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों में शोधार्थी शुभम सिंह और विभाग की पूर्व छात्रा प्रीति कुमारी शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि एनएचपीसी, विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत एक नवरत्न श्रेणी का सार्वजनिक उपक्रम है तथा देश की सबसे बड़ी जलविद्युत उत्पादक कंपनी मानी जाती है। इस प्रतिष्ठित संस्था में राष्ट्रीय स्तर पर दोनों विद्यार्थियों का चयन विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशिक्षण की सफलता को दर्शाता है।
शोधार्थी शुभम सिंह वर्तमान में जनसंचार विभाग में डॉ. अमृत कुमार, सहायक प्राध्यापक के मार्गदर्शन में पीएचडी कर रहे हैं। वे यूजीसी नेट-जेआरएफ परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं। एनएचपीसी में उनकी प्रारंभिक पदस्थापना सलाल जलविद्युत परियोजना, रियासी (जम्मू-कश्मीर) में की गई है। इससे पूर्व शुभम सिंह जनसंपर्क एवं संचार के क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं।
वहीं, प्रीति कुमारी जनसंचार विभाग की पूर्व छात्रा रही हैं। उन्होंने वर्ष 2016 से 2021 के बीच विभाग से पांच वर्षीय एकीकृत जनसंचार पाठ्यक्रम पूरा किया है। एनएचपीसी में उनकी पहली तैनाती तीस्ता-V पावर स्टेशन, बालूतार (पूर्वी सिक्किम) में हुई है।
प्रीति कुमारी ने भी यूजीसी नेट परीक्षा कई बार सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। एनएचपीसी से पूर्व उन्होंने सीएसआरबीओएक्स, अहमदाबाद में कम्युनिकेशन एसोसिएट के रूप में तथा बाल कल्याण संघ (एनजीओ), रांची में कम्युनिकेशन एवं डॉक्यूमेंटेशन ऑफिसर के पद पर अपनी सेवाएं दी हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. क्षिति भूषण दास ने दोनों चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और पेशेवर दक्षता का परिणाम है। उन्होंने इसे आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया तथा विभाग और शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की।
साथ ही विभागाध्यक्ष प्रो. देवव्रत सिंह एवं विश्वविद्यालय के मुख्य करियर डेवलपमेंट अधिकारी प्रो. देवदास लाटा ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों को शुभकामनाएं दीं।
विश्वविद्यालय के करियर डेवलपमेंट अधिकारी डॉ. सुदर्शन यादव ने जानकारी दी कि इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर कुल 10 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिनमें से दो चयन झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय से हुए हैं।
यह चयन प्रक्रिया यूजीसी नेट-जेआरएफ स्कोर के आधार पर प्रारंभ होती है, जिसके बाद उच्च अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को आगे के चरणों के लिए आमंत्रित किया जाता है। अंतिम चयन से पूर्व ग्रुप डिस्कशन, साइकोमेट्रिक टेस्ट, पर्सनैलिटी रिव्यू, समस्या समाधान क्षमता मूल्यांकन तथा साक्षात्कार जैसे चरण शामिल होते हैं।
यह नियुक्ति ई-2 लेवल (E-2 Level) के अंतर्गत हुई है, जिसमें प्रारंभिक बेसिक वेतन ₹50,000 प्रति माह से शुरू होकर ₹1,60,000 प्रति माह तक जाता है, जबकि कुल वार्षिक पैकेज लगभग ₹15 लाख तक होता है।