Adityapur: आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्युत नगर जेएमटी-2 में बीते दिनों झाड़ी में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अनुसंधान के क्रम में यह स्पष्ट हुआ कि अज्ञात अपराधकर्मी द्वारा धारदार हथियार से सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर व्यक्ति की हत्या की गई थी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ी में फेंक दिया गया था।
आरोपी गिरफ्तार
कांड के उद्भेदन हेतु पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देशानुसार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त अपराधकर्मी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा पाल उम्र 33 वर्ष के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता बागबेडा थाना अंतर्गत बजरंग टेकरी, गांधी मैदान के पास का है। वहीं उसका स्थायी पता ग्राम टिकरापारा, छुहिया तालाब के पास, सिद्धार्थ चौक के नजदीक, थाना टिकरापारा, जिला रायपुर, छत्तीसगढ़ बताया गया है। इस कांड में एक विधि विरुद्ध बालक की संलिप्तता भी पाई गई है, जिसे निरुद्ध किया गया है।
आरोपी के पास से बरामद सामान
पुलिस ने आरोपी के पास से एक CNG टैम्पू (पंजीकरण संख्या JH05DS-7322) घटना में प्रयुक्त एक चाकू तथा मृतक का एक जोड़ा चप्पल बरामद किया है।
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
इस छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया, थाना प्रभारी बिनोद तिर्की, सुधांशु कुमार, विनोद टुडू, सुरेश राम, कमल यादव, आरक्षी नितिश कुमार पाण्डेय, राघवेन्द्र कुमार सिंह, दीपक कुमार, देवदास महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।