Jamhsedpur Crime News: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में रविवार को हुए चापड़ हमले की पूरी कहानी अब सामने आ गई है. मामला मोहम्मद सोहेल की बेहद निर्मम हत्या का है, जिसमें उसके साथ मौजूद दोस्त अब्दुल सूफियान गंभीर रूप से घायल हो गया था. सूफियान का इलाज एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर में चल रहा है.
सोहेल की हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई
मामले में बड़ा अपडेट तब सामने आया जब मोहम्मद सोहेल का शव गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलडीह क्लब के पीछे झाड़ियों से बरामद किया गया. शव की हालत अत्यंत भयावह बताई जा रही है. सोहेल की हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है. उसकी गर्दन काटी गई थी और एक हाथ की हथेली भी शरीर से अलग कर दी गई थी. शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
बातचीत विवाद में बदली और फिर हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गई
घायल अब्दुल सूफियान ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि रविवार को विनीत नामक युवक ने सोहेल को नशे के धंधे से जुड़ी बातचीत के लिए जंगल में बुलाया था. सोहेल अपने दोस्त सूफियान के साथ बाइक से वहां पहुंचा. जंगल के भीतर एक नाले के पास कथित तौर पर ब्राउन शुगर के सौदे को लेकर बातचीत शुरू हुई. कुछ ही देर में यह बातचीत विवाद में बदली और फिर हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गई.
गला रेता और हथेली काटकर शरीर से अलग कर दी
सूफियान के अनुसार विनीत समेत चार लोगों ने घात लगाकर पहले पीछे से सोहेल पर चापड़ से जानलेवा हमला किया. इसके बाद हमलावरों ने उसका गला रेत दिया. यहीं नहीं रुके और क्रूरता की सारी सीमाएं पार करते हुए सोहेल की एक हथेली काटकर शरीर से अलग कर दी. गंभीर चोटों के कारण सोहेल की मौके पर ही मौत हो गई. सोहेल को बचाने पहुंचे उसके दोस्त अब्दुल सूफियान पर भी आरोपियों ने चापड़ से वार किया. उसके सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगल के भीतर फरार हो गए.
भाग कर अपनी जान बचाई सुफियान ने
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद सूफियान ने हिम्मत दिखाते हुए घटनास्थल से निकलने की कोशिश की. वह अपनी बाइक वहीं छोड़कर मुख्य सड़क पर पहुंचा. वहां से ऑटो पकड़कर वह सीधे साकची थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की. घायल सूफियान को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं सोहेल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मोहम्मद सोहेल जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत खजांची मोहल्ला का निवासी बताया जा रहा है. परिजन उसे पहले से ही लापता बता रहे थे. घायल सूफियान की निशानदेही पर ही गोलमुरी थाना क्षेत्र के नीलडीह क्लब के पीछे झाड़ियों में शव बरामद किया गया, जिससे पूरे मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं.
अपराधियों ने पूरी योजना के तहत इस घटना को दिया अंजाम
यह वारदात केवल आपसी विवाद नहीं बल्कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े संगठित अपराध की ओर इशारा करती है. जिस तरह से हत्या को अंजाम दिया गया, उससे साफ है कि अपराधियों ने पूरी योजना के तहत इस घटना को अंजाम दिया. घायल युवक का बयान जांच के लिए निर्णायक साबित हो रहा है. आने वाले दिनों में पुलिस की कार्रवाई यह तय करेगी कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे कितनी बड़ी आपराधिक साजिश छिपी है.