Adityapur Breaking: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एक किराए के मकान में युवक ने देसी कट्टे से अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान सपन दास के रूप में हुई है. शव के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, सपन ने कथित तौर पर इसी कट्टे से खुद को गोली मारी.
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है. सपन दास आरकेएफएल कंपनी में काम करता था.
वह स्टेशन रोड स्थित किराए के मकान में अकेले रहता था. उसकी पत्नी रूपा दास भुईयाडीह में रहती हैं. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. इसी वजह से दोनों अलग-अलग रह रहे थे.
परिजनों के मुताबिक, सपन की एक अन्य महिला से दोस्ती थी. इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने की जानकारी सामने आई है. परिजनों ने उक्त महिला पर सपन को मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है. हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को दी सूचना
थाना प्रभारी के अनुसार, आसपास के लोगों ने घर से बदबू आने की सूचना पुलिस को दी थी. मकान का दरवाजा अंदर से बंद था. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने सपन की पत्नी को भी मौके पर बुलाया. इसके बाद फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में घर का दरवाजा खोला गया. अंदर सपन का शव पड़ा मिला.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.