Adityapur Breaking : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालडीह बस्ती में मंगलवार सुबह अपराधियों का खुलेआम तांडव देखने को मिला। अहले सुबह करीब 6:55 बजे स्कूटी सवार तीन अपराधियों ने भाजपा नेता सपन दास के आवास को निशाना बनाते हुए तीन राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि गोलियां खिड़की के लोहे के ग्रिल में जा लगीं, जिससे घर में मौजूद परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।
सीसीटीवी में कैद वारदात
घटना का पूरा दृश्य आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। फुटेज के अनुसार, अपराधी फिल्मी अंदाज में पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वे गाली-गलौज करते हुए मौके से पैदल फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने फुटेज के आधार पर मुख्य हमलावर की पहचान राजू उर्फ टकला और उसके सहयोगी चंदन के रूप में की है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद मौके पर सिर्फ ‘टाइगर मोबाइल’ के जवान पहुंचे, जिससे सुरक्षा को लेकर असुरक्षा का माहौल बन गया है।
उच्च स्तरीय जांच की मांग
पूर्व पार्षद नील पदम विश्वास ने इस घटना को एक सोची-समझी साजिश करार देते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र की विफलता को उजागर करती हैं।
पहले भी हो चुकी है वारदात
गौरतलब है कि 4 अप्रैल को भी इसी इलाके में इन्हीं अपराधियों द्वारा मारपीट और फायरिंग का प्रयास किया गया था। उस समय पुलिस ने मौके से खोखा और मैगजीन बरामद किया था। लगातार दूसरी घटना के बाद आदित्यपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।