Adityapur News: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मोती नगर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. बीती देर रात सुनसान गली में खड़े एक मालवाहक वाहन से तीन चोरों ने लोहा चोरी कर लिया. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. इस चोरी से वाहन मालिक को करीब 5 हजार रुपये का नुकसान हुआ है.
मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 1.30 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक इलाके में पहुंचे. उन्होंने सुनसान गली का फायदा उठाते हुए वहां खड़े मालवाहक वाहन को निशाना बनाया और उससे लोहा निकालकर फरार हो गए. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर किसी अन्य जगह चोरी की योजना में थे, लेकिन मौके पर खड़े वाहन से लोहा चुराकर भाग निकले.
वाहन मालिक समीर दास ने बताया कि इस चोरी से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है. वह अपने मालवाहक वाहन से ऑर्डर मिलने पर सामान ढोने का काम करते हैं. वाहन से लोहा चोरी हो जाने के कारण काम प्रभावित हो गया है और कई ऑर्डर रद्द हो रहे हैं. उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराने की बात कही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में नए एसपी की तैनाती के बावजूद चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है. लोगों का आरोप है कि चोरों पर पुलिस की पकड़ कमजोर पड़ती दिख रही है. मोती नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोग दहशत में हैं.