Adityapur News: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित गर्ग्स इंटरप्राइजे़स लिमिटेड के बाहर बुधवार सुबह से मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह करीब 10 बजे सैकड़ों मजदूर कंपनी गेट पर जुट गए और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूरों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी लागू करने की मांग उठाई।
कम वेतन में नहीं चल रहा घर
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि वे कई वर्षों से बेहद कम वेतन पर काम करने को मजबूर हैं। बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा वेतन में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। मजदूरों ने साफ कहा कि जब तक न्यूनतम मजदूरी के अनुसार भुगतान और वेतन वृद्धि नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कंपनी गेट पर बढ़ा तनाव, प्रदर्शन जारी
वहीं कंपनी प्रबंधन ने अपनी सफाई में कहा कि कंपनी फिलहाल आर्थिक घाटे से गुजर रही है। प्रबंधन के अनुसार वेतन वृद्धि पर तभी विचार किया जाएगा, जब इसके लिए जरूरी शर्तें पूरी होंगी। साथ ही प्रबंधन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग मजदूरों को भड़काकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक कंपनी गेट के बाहर मजदूरों का प्रदर्शन जारी था। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पूरे इलाके में हलचल का माहौल देखा जा रहा है।