BREAKING: जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में रविवार को रंगदारी और उधारी को लेकर हुए विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। आरोप है कि मोहल्ले के ही दो युवकों ने एक जनरल स्टोर संचालक को धमकाने के लिए हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
5 हजार रुपये की उधारी को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, हबीब नगर स्थित एक जनरल स्टोर पर मोहल्ले के रहने वाले बच्चा राज और पलटन नामक दो युवक पहुंचे थे। दोनों ने दुकानदार से करीब 5 हजार रुपये की उधारी और रंगदारी की मांग की। दुकानदार द्वारा पैसे देने से इनकार किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
शटर पर लात मारकर की तोड़फोड़, दो राउंड फायरिंग
विवाद बढ़ने के बाद दुकानदार ने अपनी दुकान का शटर बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने दुकान के शटर पर कई लातें मारीं और दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक गोली दुकान के सामने बंपर के पास चली, जबकि दूसरी गोली पास के इलाके में दागी गई।
शाम 7:43 बजे की बताई जा रही घटना
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह घटना शाम करीब 7:45 बजे हुई। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया गया है।
पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपियों का आपराधिक गतिविधियों से पुराना संबंध रहा है। मोहल्ले में उनके खिलाफ पहले भी कई तरह की घटनाओं में शामिल होने की चर्चाएं रही हैं। हालांकि, पीड़ित दुकानदार के साथ इस तरह की घटना पहली बार हुई है।