Bangkok Pub Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित पब में आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय पब में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
आधी रात मची अफरा-तफरी, पीएम ने लिया जायजा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आधी रात से कुछ समय पहले आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल और राहत दल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पूरा पब आग की चपेट में आ चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ऊंची लपटें और घना धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और 27 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि कई घायल अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिए गए हैं।
शौचालयों से मिले कई शव, आग के कारण और सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, चाटुचक जिले के "रोंग बीयर ना लाट फ्राओ" पब में आग लगने के बाद कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए शौचालयों में शरण ली, लेकिन धुआं और आग तेजी से फैलने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके। बचाव अभियान के दौरान कई शव शौचालयों के भीतर से बरामद किए गए, जिससे हादसे की भयावहता सामने आई।
कई दमकल केंद्रों से पहुंचे अग्निशमन दल ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पब पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां आग लगने के कारणों के साथ-साथ यह भी जांच कर रही हैं कि भवन में अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन किया गया था या नहीं।