Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-31

Bihar News: औरंगाबाद में मेडिकल दुकानदार की हत्या, नवाडीह मोड़ पर बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

Bihar News: नगर थाना क्षेत्र के नवाडीह मोड़ पर शनिवार देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बाइक सवार दो हथियारबंद अपराधियों ने एक दवा व्यवसायी को गोली मार दी. घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान नवाडीह निवासी मो खलील अहमद के पुत्र मो जुनैद के रूप में हुई है.

पान खाने निकले थे तभी चली गोली
जुनैद की पुरानी जीटी रोड स्थित नवाडीह मोड़ के पास शीतल गैलेक्सी मेडिकल के नाम से दुकान है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह रात में दुकान बंद करने के बाद बगल की पान दुकान पर पान खाने गए थे. इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग कर दी. गोली लगते ही जुनैद जमीन पर गिर पड़े और हमलावर मौके से फरार हो गए.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. परिजन उन्हें लेकर जमुहार मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, लेकिन डिहरी ऑन सोन पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई. इसके बाद शव को वापस सदर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.

पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ वन संजय कुमार पांडेय, सर्किल इंस्पेक्टर फहीम आजाद खान और नगर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार दल बल के साथ अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया है. मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

लोगों से शांति बनाएं रखने की अपील
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल ने भी नवाडीह मोहल्ले का दौरा किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सकों ने जुनैद के शरीर से दो 9 एमएम की गोलियां बरामद की हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है.

जुनैद की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा है. पत्नी और परिजन का रो रोकर बुरा हाल है. वह अपने पीछे नौ और पांच साल के दो बेटे और चार माह की एक बेटी छोड़ गए हैं. बताया जाता है कि अक्टूबर माह में उनके मौसेरे भाई मिन्हाज उर्फ बुलेट को भी रतनुआ पेट्रोल पंप के पास गोली मारी गई थी. दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष मो इरफान खान भी सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की कड़ी निंदा की. उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !