Bokaro News : राज्य में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को बोकारो के सेक्टर-1 स्थित टाउन हॉल में बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, विधायक उमाकांत रजक और पार्टी महासचिव विनोद पांडेय समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। शिविर में बूथ स्तर पर कार्यरत एजेंटों को मतदाता सूची में नामों के सत्यापन और कटे हुए नामों की जानकारी जुटाने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
मतदाता सूची से नाम कटने का योजनाओं पर भी पड़ेगा असर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी कि मतदाता सूची से नाम कटने का सीधा असर नागरिकों के अधिकारों और सरकारी योजनाओं के लाभ पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में नाम होना बेहद जरूरी है और यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो बाद में सुधार कर पाना मुश्किल हो सकता है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने और मतदाता सूची में उनका नाम सुनिश्चित कराने की अपील की।
भाजपा पर एसआईआर को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप
इस दौरान जेएमएम नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह सत्ता हासिल करने के लिए पश्चिम बंगाल और बिहार की तरह झारखंड में भी एसआईआर प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहना होगा और मतदाताओं के नाम सूची से हटने से रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करना होगा।
बोकारो विधानसभा में सबसे कम मैपिंग, जिले में 4.86 लाख मतदाता अभी शेष
22 मई तक की मतदाता मैपिंग रिपोर्ट के अनुसार बोकारो जिले में कुल 15,33,943 मतदाता हैं, जिनमें से 10,47,913 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। जिले का कुल मैपिंग प्रतिशत 68.31 प्रतिशत है। गोमिया विधानसभा 81.99 प्रतिशत मैपिंग के साथ सबसे आगे है, जबकि चंदनकियारी में 80.52 प्रतिशत और बेरमो में 72.48 प्रतिशत मैपिंग पूरी हुई है। वहीं बोकारो विधानसभा 52.82 प्रतिशत मैपिंग के साथ सबसे पीछे है, जहां अभी 2,81,528 मतदाताओं की मैपिंग बाकी है। जिले में कुल 4,86,030 मतदाताओं की मैपिंग अभी शेष है, जिसे जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया।