Bokaro News : बोकारो के शहरी थाना क्षेत्रों में लगातार मोबाइल खोने और चोरी होने की शिकायतों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान चलाकर पुलिस ने कुल 47 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिन्हें सत्यापन के बाद उनके असली मालिकों को वापस सौंपा जा रहा है। मोबाइल मिलने के बाद लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को CEIR पोर्टल का उपयोग कर खोए मोबाइलों की जल्द बरामदगी सुनिश्चित करने को कहा गया था। इसके बाद विभिन्न थानों की पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और मोबाइल ट्रैक कर बरामद किए।
अलग-अलग थानों ने संयुक्त कार्रवाई कर बरामद किए मोबाइल
इस अभियान में बीएस सिटी थाना, हरला थाना, सेक्टर-4 थाना, सेक्टर-12 थाना और सेक्टर-6 थाना की पुलिस शामिल रही। डीएसपी सिटी आलोक रंजन ने बताया कि बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि बीएस सिटी थाना ने 33 मोबाइल, हरला थाना ने 8 मोबाइल, सेक्टर-4 थाना ने 2 मोबाइल, सेक्टर-12 थाना ने 3 मोबाइल और सेक्टर-6 थाना ने 1 मोबाइल बरामद किया है। बरामद मोबाइलों को बीएस सिटी थाना में संबंधित धारकों को सौंपा गया।
मोबाइल मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर दिखी खुशी
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने बोकारो पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। कई लोगों ने कहा कि उनका मोबाइल एक या दो साल पहले खो गया था और उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि वह दोबारा मिल पाएगा।
मोबाइल धारकों ने कहा कि पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच की वजह से उन्हें उनका कीमती सामान वापस मिल सका। मोबाइल मिलने के बाद कई लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस टीम का धन्यवाद किया।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
डीएसपी आलोक रंजन ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज करें। उन्होंने कहा कि पोर्टल के जरिए मोबाइल ट्रैक करना आसान हो जाता है और यदि कोई अन्य व्यक्ति उस मोबाइल का उपयोग करता है तो इसकी जानकारी पुलिस और मोबाइल मालिक दोनों को मिल जाती है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा ताकि गुम और चोरी हुए मोबाइलों की जल्द बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।