Chaibasa: चाईबासा के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक की हत्या कर उसका शव खेत में फेंक दिया गया। शुक्रवार सुबह जैसे ही स्थानीय लोगों की नजर कुशमिता गांव के बाहर खेत में पड़े एक शव पर पड़ी, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
हाथ-पैर बंधे मिले शव, हत्या की आशंका गहराई
मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखकर यह साफ प्रतीत हो रहा है कि युवक की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। उसके हाथ और पैर रस्सी से बंधे हुए पाए गए, जिससे यह आशंका और मजबूत हो जाती है कि पहले उसे काबू में किया गया और फिर हत्या कर दी गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि गुरुवार की रात अज्ञात अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया और सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को खेत में फेंक दिया।
पहचान नहीं हो पाई, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और न ही हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। वहीं पुलिस इस मामले की गहराई से पड़ताल में जुटी हुई है।