Chaibasa: चाईबासा से सटे घाघरी गांव में मंगलवार शाम एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां गले में गुलगुला फंस जाने से एक युवक की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान घाघरी गांव निवासी 28 वर्षीय मोटाय गोप के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, वह पूरी तरह स्वस्थ था और रोज की तरह खेत में काम खत्म करने के बाद शाम करीब 5 बजे गांव के एक हड़िया गोदाम पहुंचा था।
हड़िया पीते समय गले में फंसा गुलगुला
बताया जा रहा है कि मोटाय वहां हड़िया पीने के साथ गुलगुला खा रहा था। इसी दौरान अचानक गुलगुला उसकी श्वासनली में फंस गया, जिससे उसकी सांसें रुकने लगीं। कुछ ही पलों में वह तड़पने लगा और दम घुटने के कारण जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे आनन-फानन में चाईबासा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, गले में खाना फंसने और ऑक्सीजन की कमी के कारण उसकी मौत हुई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।