Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। सेरेंगदा-गुदड़ी मुख्य मार्ग पर सेरेंगदा हाट से घर लौट रहे ग्रामीणों से भरे एक महिंद्रा सवारी वाहन को पीछे से बुलडोजर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
एक की मौके पर मौत, कई लोग घायल
हादसे में बुरूउडरिंग गांव निवासी 61 वर्षीय टेसा मुतिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में 17 वर्षीय आर्यन माझी, 45 वर्षीय देवो मछुआयिन और 46 वर्षीय बासु कुम्हार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, बुलडोजर जब्त, चालक की तलाश जारी
सूचना मिलते ही गुदड़ी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सोनुवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बुलडोजर को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।