Chaibasa Road Accident: चाईबासा में हुए सड़क हादसे में भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू घायल हो गईं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता बढ़ गई.
बताया जा रहा है कि गीता बालमुचू चार पहिया वाहन से चाईबासा लौट रही थीं. इसी दौरान सिंहपोखरिया क्षेत्र के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार इनोवा से टक्कर टालने की कोशिश में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया. इसके बाद गाड़ी सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
हादसे में गीता बालमुचू के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं. टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय लोगों और साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें वाहन से बाहर निकाला.
घटना के बाद उन्हें तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं. अंदरूनी चोटों की जांच के लिए सीटी स्कैन कराया गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे के इलाज पर फैसला लिया जाएगा.
हादसे की खबर मिलते ही भाजपा के कई नेता और समर्थक अस्पताल पहुंच गए. प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं दूसरी गाड़ी के चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.