Chandil: चांडिल थाना पुलिस ने शनिवार को NH-33 स्थित पंजाबी होटल के पास वाहन जांच अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
दोनों आरोपियों की हुई पहचान
थाना प्रभारी संतन तिवारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी समीर अंसारी (22) तथा सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत गौसनगर निवासी मो. आसिफ (32) के रूप में हुई है।
चोरी की बाइक की हुई पुष्टि
जांच के दौरान बरामद मोटरसाइकिल को पुलिस ने सत्यापन के बाद आजादनगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई बाइक बताया है। इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5), 303(2) एवं 3(5) लगाई गई है।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में मंडल कारा, सरायकेला भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इस चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।