Chandil Health Camp: धुनबुरू पंचायत के बांसा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में शुक्रवार को जोड़ों के दर्द से परेशान मरीजों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया. शिविर में 84 मरीजों की जांच कर उन्हें जरूरी चिकित्सा सलाह दी गई.
जोड़ों के दर्द और गठिया के मरीजों का हुआ इलाज
शिविर में ऑस्टियोआर्थराइटिस यानी जोड़ों के दर्द के मरीजों की विशेष जांच की गई. इसके अलावा गठिया, खांसी और गैस्ट्राइटिस से संबंधित मरीजों का भी उपचार किया गया. जांच के बाद मरीजों को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं. डॉक्टरों ने बीमारी से बचाव और स्वास्थ्य को लेकर जरूरी परामर्श भी दिया. शिविर में पहुंचे सभी मरीजों का ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर भी जांचा गया. स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक सलाह दी. ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस शिविर से लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकी.
डॉक्टरों और सहियाओं ने संभाली जिम्मेदारी
शिविर का आयोजन आयुष चिकित्सक डॉ. विवेक कुमार और डॉ. छाया कुमारी के नेतृत्व में किया गया. इसे सफल बनाने में सहिया रतनी देवी, पुष्पा दास, सोनमोनी देवी, विनती महतो और रश्मानी महतो की भूमिका रही. योग प्रशिक्षक अरिजीत दत्ता खान ने भी सहयोग किया. ग्रामीणों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से गांव में ही स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा मिल जाती है. इससे लोगों को इलाज के लिए दूर जाने की जरूरत कम होती है.