Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइयांडीह स्थित गैलेक्सी इंगोट प्लांट में मंगलवार को फर्नेस भट्टी में हुए विस्फोट से दो कर्मी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि तेज धमाके की आवाज से आसपास का इलाका भी दहल उठा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्लांट में कार्य के दौरान अचानक बायलर में विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद प्लांट प्रबंधन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेज दिया।
लीकेज के कारण ब्लास्ट की आशंका
हादसे के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी अथवा संचालन संबंधी समस्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि कंपनी प्रबंधन से बातचीत में जानकारी मिली है कि बायलर में लीकेज था। लीकेज के बाद गर्म पानी के दबाव से अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में आने से दो कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज टीएमएच, जमशेदपुर में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।