Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया इलाके में हुए दर्दनाक विमान हादसे को लेकर अब कानूनी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है. इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले संजय साव के भाई विजय कुमार ने सिमरिया थाना में लिखित आवेदन देकर रेड बर्ड एयरवेज कंपनी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है.
विजय कुमार लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड के निवासी हैं. उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि इस हादसे की निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए. खबर लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी.
क्या था मामला?
यह हादसा 23 फरवरी की देर शाम हुआ था. रांची से दिल्ली जा रहा एक चार्टर्ड विमान चतरा जिले के सिमरिया के जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. विमान ने शाम 7 बजकर 11 मिनट पर रांची से उड़ान भरी थी, लेकिन करीब 7 बजकर 34 मिनट पर एयरक्राफ्ट से संपर्क टूट गया. कुछ ही देर बाद विमान के सिमरिया के जंगलों में गिरने की सूचना मिली.
दुर्घटनाग्रस्त विमान रेड बर्ड एयरवेज का किंग एयर B90L मॉडल का एयर एंबुलेंस था. इस विमान में कुल सात लोग सवार थे और हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई.
विमान में कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट), कैप्टन सबराजदीप सिंह (सह-पायलट), संजय कुमार (मरीज), अर्चना देवी (परिजन), धूरू कुमार (परिजन), विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर) और सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिकल कर्मी) मौजूद थे.
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. परिजन इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. अब सबकी नजर पुलिस और जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है.