Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सुजानी गांव स्थित जंगल में दफनायी गई एक अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह मामला उस समय सामने आया जब जंगल से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर एक स्थान पर मिट्टी खोद रहे कुत्तों पर पड़ी। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो मिट्टी से महिला का हाथ और पैर बाहर निकला हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मिट्टी में दफन मिला शव, खून के निशान भी मिले
सूचना मिलते ही जसीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। प्रारंभिक जांच के दौरान यह पाया गया कि महिला के शव को मिट्टी में दबाकर छिपाने की कोशिश की गई थी। घटनास्थल के पास ही मिट्टी में दबे हुए खून से सने साड़ी के कुछ हिस्से भी बाहर दिखाई दिए, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। पुलिस का मानना है कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया अपराध हो सकता है, जिसमें हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को दफनाया गया है।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव निकाला जाएगा
पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट को घटनास्थल पर बुलाया है, ताकि विधि-सम्मत तरीके से शव को बाहर निकाला जा सके और आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके। फिलहाल, समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।