Deoghar News: देवघर जिले में रक्त भंडारण की समस्या को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी पहल शुरू की है. जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट में ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित करने की तैयारी तेज कर दी गई है.
योजना के तहत प्रत्येक केंद्र में करीब 100 वर्गफीट क्षेत्र में रक्त भंडारण इकाई का निर्माण किया जाएगा. इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में आसानी होगी.
इस दिशा में स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों को निर्देश जारी किया है. उन्होंने ब्लड स्टोरेज यूनिट और कंपोनेंट सेपरेटर यूनिट के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर जल्द जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है.
निर्देश के अनुसार चिन्हित स्थानों की जानकारी सात दिनों के भीतर देने को कहा गया है. वहीं जिला स्तर पर उपाधीक्षक ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को पत्र भेजकर तीन दिनों के अंदर निर्माण स्थल का चयन कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है.
देवघर जिले में वर्तमान में आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और चार ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट संचालित हैं. इन सभी जगहों पर यह सुविधा विकसित की जाएगी.
इसके साथ ही जिले में संचालित रक्त केंद्र में कंपोनेंट सेपरेटर यूनिट भी स्थापित की जाएगी. यह यूनिट लगभग 600 वर्गफीट क्षेत्र में बनाई जाएगी.
इस पहल से मरीजों को ब्लड और उससे जुड़े विभिन्न कंपोनेंट समय पर उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे आपात स्थितियों में इलाज की सुविधा और बेहतर होगी.