Dhanbad Coal Mafia: धनबाद में अवैध कोयला कारोबार को लेकर राजनीति गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर धनबाद पुलिस और कोयला माफिया को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि अब मामला सिर्फ कोयला चोरी तक सीमित नहीं है. असली सवाल यह है कि कहीं पुलिस और अवैध कारोबारियों के बीच सांठगांठ तो नहीं है.
BCCL अधिकारियों पर दबाव का आरोप
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों और CISF की कार्रवाई तेज होने के बाद BCCL के अधिकारियों पर दबाव बनाए जाने की बातें सामने आ रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि वैध कोयला ले जाने वाले वाहनों को भी रोका जा रहा है और उन्हें मुकदमों में फंसाया जा रहा है.
CMD को आरोपी बनाने पर उठाए सवाल
मरांडी ने छाताबाद भू-धंसान मामले में BCCL के CMD मनोज अग्रवाल को आरोपी बनाए जाने पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि इन सभी घटनाओं को जोड़कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
सुरक्षा को लेकर भी जताई चिंता
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अगर एक सरकारी कंपनी के CMD को जान का खतरा बताकर हाईकोर्ट जाना पड़ रहा है, तो यह बेहद गंभीर बात है. उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी कानून व्यवस्था और अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
मुख्यमंत्री से की स्वतंत्र जांच की मांग
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि जांच से यह साफ होना चाहिए कि धनबाद में कानून का राज है या अवैध कोयला कारोबार करने वालों का दबाव.