Dhanbad News : धनबाद में अवैध कोयला खनन और परिवहन के खिलाफ मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान शुरू किया। जांच एजेंसी की 25 अलग-अलग टीमें जिले के विभिन्न इलाकों में एक साथ कार्रवाई कर रही हैं।
ईडी की यह कार्रवाई कथित कोयला माफिया एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव और उनके सहयोगियों से जुड़े कुल 25 ठिकानों पर की जा रही है। पूरे मामले का संबंध अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़ा बताया जा रहा है।
चार ईसीआईआर दर्ज कर शुरू की गई थी जांच
ईडी ने इस कोयला घोटाले से जुड़े मामले में चार अलग-अलग एनफोर्समेंट केस इनफॉरमेशन रिपोर्ट (ECIR) दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच एजेंसी को संदेह है कि आरोपियों ने अवैध कोयला कारोबार के जरिए बड़ी मात्रा में अवैध संपत्ति अर्जित की है। फिलहाल सभी ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच जारी है।
पिछले साल भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
इससे पहले 21 नवंबर 2025 को भी ईडी ने एलबी सिंह और उनके सहयोगियों के धनबाद तथा दुमका स्थित करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान जांच एजेंसी को 150 से अधिक जमीन के दस्तावेज और ₹2.20 करोड़ नकद बरामद हुए थे। साथ ही अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कई अहम साक्ष्य भी मिले थे। ईडी की मौजूदा कार्रवाई जारी है और तलाशी अभियान पूरा होने के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।