Dhanbad News: झारखंड में पहली बार किसी जिले में दागी अपराधियों की सामूहिक परेड कराई गई। गुरुवार को धनबाद पुलिस ने पुलिस लाइन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के चिन्हित अपराधियों की हाजिरी लगवाई, उनकी पहचान का सत्यापन किया और उन्हें अपराध छोड़ने की अंतिम चेतावनी दी। अधिकारियों ने दो टूक कहा, “यह सुधारने का मौका है, अपराध नहीं छोड़ा तो अगली मुलाकात जेल में होगी।” पुलिस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, बल्कि अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करना है।
हाजिरी, सत्यापन और हर गतिविधि पर पैनी नजर
सुबह से ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चिन्हित दागियों को पुलिस लाइन बुलाया गया। यहां उनकी उपस्थिति दर्ज की गई और उनके वर्तमान रहन-सहन, व्यवसाय, आवागमन व गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। गंभीर आपराधिक इतिहास वाले अपराधियों को विशेष निगरानी सूची में रखते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को उनकी हर गतिविधि पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया।
अपराध छोड़ो, वरना होगी कड़ी कार्रवाई
परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि धनबाद में अब अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा। रंगदारी, हत्या, लूट, मारपीट, अवैध वसूली, भूमि कब्जा, अवैध कारोबार, हथियारों का प्रदर्शन या किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ बिना किसी नरमी के कार्रवाई होगी। अधिकारियों ने अपराधियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील करते हुए कहा कि चेतावनी के बाद भी अपराध की राह चुनने वालों को त्वरित गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
अपराध पर रोक के लिए जारी रहेगा अभियान
धनबाद पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मकसद केवल हाजिरी लेना नहीं, बल्कि संभावित अपराधों को पहले ही रोकना, अपराधियों के मन में कानून का स्थायी भय पैदा करना और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि अपराध की सोच रखने वालों तक यह संदेश पहुंचे कि पहली बार चेतावनी मिलेगी, लेकिन दोबारा अपराध करने पर सीधे सख्त कार्रवाई होगी।