Dhanbad News: धनबाद के रामकनाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक धमाके की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. बदमाशों ने कृषि बाजार कर्मी कमलेश्वर बेलदार के घर को निशाना बनाते हुए विस्फोटक फेंक दिया. धमाके की चपेट में आने से घर का मुख्य दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया. राहत की बात यह रही कि घटना में परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ.
तेज आवाज सुनकर बाहर निकले परिजन, तब तक फरार हो चुके थे आरोपी
रात के समय अचानक घर के मुख्य गेट के पास जोरदार धमाका हुआ, जिससे परिवार के लोग घबरा गए. आवाज सुनते ही सभी सदस्य बाहर पहुंचे और आसपास का जायजा लिया, लेकिन तब तक हमलावर वहां से निकल चुके थे. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया और लोग अलग अलग तरह की आशंकाएं जताने लगे.
किसी विवाद से इनकार, वजह को लेकर बना हुआ है सस्पेंस
पीड़ित कमलेश्वर बेलदार का कहना है कि उनका किसी राजनीतिक संगठन, अवैध कारोबार या किसी तरह के विवाद से कोई लेना देना नहीं है. ऐसे में उनके घर को निशाना क्यों बनाया गया, यह अभी साफ नहीं हो पाया है. फिलहाल इस घटना के पीछे की वजह रहस्य बनी हुई है.
शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस, सुरागों के आधार पर हो रही कार्रवाई
घटना की लिखित शिकायत मिलने के बाद रामकनाली ओपी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की असली वजह सामने आ सकेगी.