Dhanbad News: धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब जोड़िया नदी के किनारे बने डोभानुमा गड्ढे में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली. खबर मिलते ही आसपास के इलाकों से लोग मौके पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना के बाद धनसार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को गड्ढे से बाहर निकलवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.
हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है. हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है. धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. तब तक सभी बिंदुओं पर जांच जारी रहेगी.
मामला दुर्घटना का है या किसी आपराधिक घटना से जुड़ा हुआ?
जोड़िया नदी किनारे अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की घटना ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पहचान न होना और शव का डोभानुमा गड्ढे में मिलना मामले को संदिग्ध बनाता है. अब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर ही यह निर्भर करेगा कि मामला दुर्घटना का है या किसी आपराधिक घटना से जुड़ा हुआ.