Dhanbad News : केंदुआडीह क्षेत्र में हाल के दिनों में हुए गैस रिसाव और भू-धंसान की घटनाओं से प्रभावित लोगों के बीच जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की टीम पहुंची। टीम ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ितों की समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
अवर न्यायाधीश के नेतृत्व में टीम ने किया दौरा, लोगों को किया जागरूक
डालसा की न्याय रथ टीम अवर न्यायाधीश सह सचिव मयंक तुषार टोपनो के नेतृत्व में क्षेत्र में पहुंची। टीम ने गैस प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान लीगल एंड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के अधिकारी सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने पीड़ितों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा।
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और स्थायी समाधान की दिशा में पहल
डालसा के सचिव ने बताया कि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया है, जो लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी। टीम न केवल लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है, बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी मदद करेगी।
इसके साथ ही पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को सौंपी जाएगी, ताकि बीसीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाए जा सकें।