Dhanbad News : धनबाद के हीरापुर स्थित सदर थाना क्षेत्र के भिस्तीपाड़ा एचई स्कूल के समीप मंगलवार को छिनतई की एक कोशिश स्थानीय लोगों की सतर्कता से नाकाम हो गई। जानकारी के अनुसार दो युवकों ने एक व्यक्ति से 10 हजार रुपये छीनकर भागने का प्रयास किया, लेकिन शोर मचते ही आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को पकड़ लिया।
भीड़ ने की पिटाई, बाद में पुलिस को सौंपा
भुक्तभोगी राजेश हांडी ने बताया कि वह स्कूल रोड से गुजर रहे थे और एक दुकान पर सामान खरीदने के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से आए दोनों युवकों ने उनके हाथ से रुपये छीन लिए। शोर सुनकर दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। भीड़ बढ़ने पर आरोपियों ने छीने गए रुपये वापस कर दिए, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी।
कतरास के रहने वाले बताए जा रहे दोनों आरोपी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। बताया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों युवक कतरास के छाताटांड़ इलाके के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हीरापुर और आसपास के क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।