Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले में कथित भू-माफियाओं की दबंगई का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के चेतना गांव के पास बीच सड़क पर बाइक सवार युवक रुपम चंद्रवंशी को रोककर कुछ लोगों ने लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे और दो बाइक पर सवार होकर आए थे। युवक ने बताया कि उसकी जमीन पर मिट्टी खनन का विरोध करने की वजह से उस पर हमला कराया गया। घटना के बाद आरोपियों पर पेट्रोल पंप पर भी बिना पैसे दिए पेट्रोल लेने और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप लगाया गया।
खनन विवाद में युवक पर हमला, पुलिस जांच में जुटी
मारपीट में घायल रुपम चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि शाहरुख नामक व्यक्ति ने अपने साथियों से उस पर हमला करवाया। पीड़ित का कहना है कि उसका पहले से कोई निजी विवाद नहीं था, लेकिन अपनी जमीन पर हो रहे कथित अवैध खनन का विरोध करने के कारण उसे निशाना बनाया गया। घटना के बाद पीड़ित स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिला और आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने घटना की निंदा करते हुए राज्य सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक ने दावा किया कि इस तरह की घटनाएं आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।