Garhwa News: झारखंड के अलग-अलग जिलों से सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के रिश्वतखोरी से जुड़े वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लग पा रही है। कर्मचारियों को यह अच्छी तरह पता होता है कि पकड़े जाने पर उनकी नौकरी तक जा सकती है, फिर भी खुलेआम घूसखोरी के मामलों को अंजाम दिया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला अब गढ़वा जिले से सामने आया है, जिसने सरकारी कार्यालयों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रखंडों में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार-CM हेमंत सोरेन का बयान फिर हुआ सच साबित
कुछ दिन पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार प्रखंड कार्यालयों में है। गढ़वा जिले के रमना अंचल कार्यालय का वायरल वीडियो मुख्यमंत्री के इस बयान को सच साबित करता नजर आ रहा है। आरोप है कि अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार “कूट-कूट कर भरा हुआ है” और कर्मचारी खुलेआम रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
रिश्वत लेकर लौटाने का VIDEO वायरल, मोबाइल बैंकिंग से पैसे लेने का आरोप
रमना अंचल कार्यालय में पदस्थापित कर्मचारी दिवाकर सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह रिश्वत की रकम वापस करते नजर आ रहा है। पीड़ितों का आरोप है कि कर्मचारी ने मोबाइल बैंकिंग के जरिए घूस की रकम ली थी। बताया जा रहा है कि जमीन रजिस्ट्री के नाम पर 15 हजार रुपये “साहेब” के नाम पर और 5 हजार रुपये अपने लिए वसूले जाते थे। पीड़ितों ने ऐसे करीब एक दर्जन मामलों के प्रमाण होने का दावा किया है।
जमीन गड़बड़ी और रिश्तेदारों के नाम रजिस्ट्री कराने का भी आरोप
पीड़ितों का कहना है कि अंचल कार्यालय में जमीन से जुड़े कई मामलों में गड़बड़ी की गई है। आरोप है कि लोगों की जमीन को दूसरे के नाम पर पंजी-2 में दर्ज कर जमीन हस्तांतरण कराया जा रहा है। इतना ही नहीं, दिवाकर सिंह पर अपने रिश्तेदारों के नाम पर भी जमीन रजिस्ट्री कराने का आरोप लगा है। इन आरोपों के बाद इलाके में अंचल कार्यालय की कार्यशैली को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।
प्रमुख ने खोला मोर्चा, DC से शिकायत की तैयारी
मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रखंड प्रमुख ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रमुख ने कहा कि कई मामलों में दिवाकर सिंह ने सीधे अपने खाते में पैसे लिए हैं और इसका प्रमाण भी मौजूद है। वायरल वीडियो को भी उन्होंने गंभीर मामला बताया। प्रमुख ने कहा कि पूरे मामले की शिकायत उपायुक्त (DC) से की जाएगी और भ्रष्ट कर्मचारियों व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।