Ghatshila: गालूडीह थाना क्षेत्र की बड़ाकुर्शी पंचायत अंतर्गत बाघबिंदा जंगल में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में सैकड़ों पेड़-पौधे बुरी तरह झुलस गए।
आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। ग्रामीणों ने घंटों तक कड़ी मशक्कत की ताकि आग और आगे न फैल सके। समाजसेवी मंगल कर्मकार ने घटना की सूचना तत्काल संबंधित विभागों को दी, जिसके बाद राहत कार्य में तेजी आई।
वन विभाग और दमकल की टीम ने संभाली कमान
सूचना मिलते ही वन विभाग और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।
काजू बागानों पर भी मंडरा रहा खतरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी मार्ग से सटे गिधिबिल, छोटाकुर्शी और आमचुड़िया क्षेत्रों में काजू के जंगल भी हैं, जहां समय-समय पर आग लगने की घटनाएं सामने आती रही हैं। बार-बार लगने वाली आग से काजू के पौधों को भारी नुकसान पहुंच रहा है, जिससे किसानों और वन संपदा पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जंगलों की सुरक्षा के लिए ठोस और स्थायी उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।