Giridih Crime News: गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र के सरिसिया सिहोडीह पुराने पुल के नीचे शुक्रवार को एक 17 वर्षीय किशोरी का शव पानी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. सूचना पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
मृतका की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरिसिया निवासी योगेश दास की बेटी पायल कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक पायल पिछले दो दिनों से घर से लापता थी. परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला था.
बताया जा रहा है कि घर से निकलने के बाद पायल की आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी. उस दौरान उसने कहा था कि वह कुछ ही देर में घर पहुंचने वाली है. इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया था.
परिजन लगातार रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन कर रहे थे. इसी बीच शुक्रवार को पुराने पुल के नीचे एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली. सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान पायल के रूप में की. बेटी का शव देखते ही परिवार में मातम छा गया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके.