Giridih News : नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड रोड पर हुए दो अलग-अलग लूटकांडों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने देवघर से एक आरोपी अफरोज शेख को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी न्यू चुड़ी मोहल्ला का रहने वाला है और उसकी निशानदेही पर लूटे गए मोबाइल, नकदी, पर्स, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
11 और 16 अप्रैल की वारदातों का खुलासा, विशेष टीम को मिली सफलता
पुलिस के मुताबिक 11-12 अप्रैल की रात करीब एक बजे बस स्टैंड रोड स्थित न्यू परिसदन भवन के पास राहगीरों से लूट की पहली घटना हुई थी। इसके बाद 16 अप्रैल की रात अमित कुमार लकड़ा से बैग, कपड़े और 8500 रुपये नकद लूट लिए गए थे।
इन दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर देवघर से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों लूटकांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
छापेमारी में गांजा और नशीली गोलियां भी बरामद, NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
मामले की जांच के दौरान 25 अप्रैल को न्यू चुड़ी मोहल्ला में छापेमारी कर 1575 ग्राम गांजा, 50 नशीली गोलियां और नकदी बरामद की गई। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है। संबंधित अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।