Godda Crime News: जिले के महगामा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की केंचुआ चौक शाखा में सोमवार को नकाबपोश अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट का दुस्साहस किया. हालांकि, बैंक प्रबंधन की मुस्तैदी और “अलर्ट बेल” की गूंज ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया. लूट में नाकाम रहने के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए. इस झड़प में बैंक का एक सुरक्षाकर्मी गोली लगने से घायल हो गया है.
चार हथियारबंद लुटेरों ने बोला धावा
जानकारी के अनुसार, दोपहर के वक्त चार की संख्या में आए हथियारबंद अपराधी अचानक बैंक के भीतर दाखिल हुए. अंदर घुसते ही उन्होंने दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग की. अपराधियों ने सबसे पहले वहां तैनात सुरक्षाकर्मी को काबू में करने और उसकी बंदूक छीनने का प्रयास किया. इसी छीना-झपटी के दौरान सुरक्षाकर्मी को गोली लग गई. घायल गार्ड को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
अलर्ट बेल और लॉकर की सुरक्षा ने बचाया खजाना
बैंक मैनेजर की सतर्कता इस पूरी घटना में ढाल बनकर सामने आई. मैनेजर ने बताया कि जैसे ही गोली चलने की आवाज आई, उन्होंने बिना वक्त गंवाए तुरंत “अलर्ट बेल” बजा दी और मुख्य लॉकर को सुरक्षित तरीके से लॉक कर दिया. सायरन की आवाज और लॉकर न खुलने की स्थिति देख अपराधी घबरा गए. पकड़े जाने के डर से चारों लुटेरे बिना कोई कैश लिए ही वहां से रफूचक्कर हो गए.
पुलिस ने शुरू की नाकेबंदी और जांच
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है. पुलिस बैंक के भीतर और बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लुटेरों की पहचान के लिए तकनीकी टीम की मदद ली जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.