Gumla: झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र स्थित चट्टी गांव में मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग की लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मृतक की पहचान धना उरांव के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, धना उरांव मंगलवार सुबह अपने घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उन पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद घाघरा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त लाठी समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसे किसी अनहोनी की आशंका थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस उसके इस दावे की गंभीरता से जांच कर रही है।
मानसिक स्थिति को लेकर भी हो रही जांच
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। कुछ ग्रामीणों ने आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने की बात कही है, लेकिन पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।