Hazaribagh News: हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने युवती की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए केरेडारी थाना क्षेत्र के बुंडू गांव निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके परिजन मामले को आपसी सहमति से सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं.
सोशल मीडिया से शुरू हुई पहचान
जानकारी के अनुसार खूंटी जिले की रहने वाली एक युवती की पहचान 31 दिसंबर को इंस्टाग्राम के माध्यम से दीपक कुमार से हुई थी. शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती रही, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं और रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया.
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
पीड़िता का आरोप है कि दीपक कुमार ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी भरोसे पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. कुछ समय बाद जब युवती ने शादी की बात कही तो युवक लगातार टालमटोल करने लगा. बाद में उसने युवती से बातचीत करना भी बंद कर दिया.
गांव पहुंची युवती, समझौते से किया इनकार
युवती जब अपने परिजनों के साथ आरोपी के गांव पहुंची तो वहां दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की गई, लेकिन युवती ने समझौता करने से इनकार कर दिया. इसके बाद उसने केरेडारी थाना में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पहले भी महिला थाना में दी थी शिकायत
पीड़िता ने बताया कि इस मामले को लेकर उसने 10 फरवरी को खूंटी महिला थाना में भी लिखित शिकायत दी थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.