Jamshedpur: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात चलाए गए अभियान में चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मौके पर ही उन्हें दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार 2 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे सिदगोड़ा थाना के पास मुख्य सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन पुलिस को देखकर दोनों युवक बाइक मोड़कर भागने लगे। सशस्त्र बल की मदद से पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान और दस्तावेज नहीं मिले
पूछताछ में दोनों युवकों की पहचान गोलमुरी दुईलाडुगरी निवासी रोहित सिंह (29) और जुगसलाई घोड़ा चौक निवासी गोल्डी सिंह (26) के रूप में हुई। दोनों बाइक से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। गहन पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मई 2026 के पहले सप्ताह में टिनप्लेट गेट के पास से यह मोटरसाइकिल चोरी की थी। इंजन और चेसिस नंबर की जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि बरामद काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक वही है, जिसकी चोरी के मामले में 7 मई 2026 को सिदगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस ने चोरी की बाइक जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और फिलहाल दोनों जेल में बंद हैं।