Jamshedpur News: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत किताडीह स्थित ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन व्यवस्था और प्रवेश-निकास पंजी संधारण की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया, जहां उन्हें ईवीएम सुरक्षा और रख-रखाव की प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई।
निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था का भी लिया जायजा
उपायुक्त ने वेयर हाउस परिसर की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित अंतराल पर सुरक्षा उपकरणों की जांच करने तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।