Jamshedpur News: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के काशीडीह कुम्हारपाड़ा के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय मिहिर पोद्दार की मौत हो गई. घटना दोपहर करीब तीन बजे की है, जब बगुनहातू निवासी मिहिर पोद्दार सड़क पार कर रहे थे. तभी एक अज्ञात टेंपो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया.
स्थानीय लोगों ने टेंपो का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन चालक भालूभासा की ओर गाड़ी लेकर भागने में सफल रहा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिहिर पोद्दार को सिर में गंभीर चोट आई. घटना के तुरंत बाद उन्हें टाटा मैन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मिहिर पोद्दार पिछले 35 वर्षों से काशीडीह स्थित मुरारी होटल के पास मोटरसाइकिल गैरेज चला रहे थे और इलाके के लोगों के बीच पहचान रखते थे. उनकी मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई.
दुर्घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में उनकी पत्नी, दो बेटियां और दो बेटे हैं, जो रो-रो कर बेहाल हैं. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार टेंपो की तलाश शुरू कर दी है. थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा.