Jamshedpur: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक व्यक्ति का शव कुएं में मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान 45 वर्षीय फूलचंद उर्फ सोना प्रमाणिक के रूप में हुई है. फूलचंद के घर का दरवाजा खुला था, लेकिन वह कहीं नजर नहीं आया. परिवार के लोगों ने आसपास तलाश की तो घर के पास स्थित कुएं में उसका शव दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला.
तीन दिन से नहीं दिखा था फूलचंद
मृतक के भाई आशुतोष बरुआ ने पुलिस को बताया कि फूलचंद पिछले तीन दिनों से घर से बाहर नहीं निकला था. सोमवार को ग्रामीणों से इसकी जानकारी मिलने के बाद वह फूलचंद के घर पहुंचे. घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला. अंदर और आसपास तलाश करने पर कुएं में शव नजर आया. इसके बाद पुलिस को बुलाया गया.
कुछ साल पहले महिला के साथ रहता था
स्थानीय लोगों के अनुसार, फूलचंद कुछ साल पहले एक महिला के साथ रहता था. बाद में नशे की आदत के कारण महिला उसे छोड़कर चली गई. इसके बाद फूलचंद अकेले ही रह रहा था. वह ड्राइवर का काम करता था और नशे का आदी बताया जाता था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि फूलचंद कुएं में कैसे गिरा. पुलिस हादसा, आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है.